
सोनारी में 1 महीने से अंधेरा: आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील का किया घेराव, 48 घंटे में बिजली न मिलने पर चक्काजाम की चेतावनी
कटनी (सत्य संवाद समाचार): बड़वारा तहसील के ग्राम सोनारी में बीते एक महीने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। मुख्य ट्रांसफार्मर जलने और विद्युत विभाग की लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का सब्र आखिरकार गुरुवार को टूट गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री व कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
अंधेरे में कट रही रातें, जहरीले जीवों का बना डर
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का मुख्य ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से खराब पड़ा है। रात में पूरे गांव में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। बिजली न होने के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, वहीं ग्रामीणों के रोजमर्रा के कामकाज भी पूरी तरह ठप हो गए हैं।
हेल्पलाइन से लाइनमैन तक शिकायत, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
प्रदर्शन में शामिल जय सिंह धुर्वे, शेख सिकंदर, शेख खलील, प्रेमलाल रजक और जगदीश महोबिया समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बिजली कंपनी के हेल्पलाइन नंबर के साथ-साथ स्थानीय लाइनमैन और वरिष्ठ अधिकारियों से कई बार शिकायत की। इसके बावजूद प्रशासनिक सुस्ती के कारण समस्या का समाधान नहीं निकाला गया।
48 घंटे का अल्टीमेटम, विलायत कला-स्लीमानाबाद मार्ग ठप करने की दी चेतावनी
तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 48 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो वे विलायत कला-स्लीमानाबाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
