डकैती: सिंगरौली के बाद अब सूरत के SBI में दिनदहाड़े 50 लाख की लूट, बदमाशों ने बैंक में फैलाई दहशत
सूरत: से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ वराछा इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े करीब 50 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया है। सिंगरौली की घटना के बाद बैंक सुरक्षा पर यह दूसरा बड़ा हमला है।
वारदात का घटनाक्रम
यह घटना उस समय हुई जब बैंक में CMS वैन के जरिए नकदी की डिलीवरी की जा रही थी। तभी 5 से 6 हथियारबंद बदमाश मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। बदमाशों ने बैंक में घुसते ही वहां मौजूद स्टाफ और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया।
प्लानिंग के साथ पहुंचे थे लुटेरे
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि आरोपी बैंक स्टाफ को धमकाते हुए नकदी बैग में भर रहे हैं। पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने सबसे पहले बैंक का अलार्म सिस्टम बंद कर दिया और कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद, बदमाशों ने हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाई और कैश काउंटर सहित CMS वैन से आए कैश बॉक्स से पैसे लूटकर फरार हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस पूरी वारदात ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। घटना के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बैंक के ठीक बाहर खड़ी CMS वैन में गनमैन मौजूद था, लेकिन उसे अंदर हो रही इतनी बड़ी लूट की भनक तक नहीं लगी।
फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ऐसी ही खबरों के लिए बने रहें “सत्य संवाद समाचार” के साथ।
सत्यता के साथ, आपकी आवाज़।

