बहोरीबंद में भीषण सड़क हादसा: हाईवा ने ऑटो को रौंदा, किशोरी की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल
कटनी। जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एक अनियंत्रित हाईवा ने बस स्टैंड के पास खड़ी इलेक्ट्रिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक हादसे में 17 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि ऑटो में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिहुँटा निवासी ऑटो चालक देवसिंह यादव अपनी इलेक्ट्रिक ऑटो लेकर बहोरीबंद बस स्टैंड के पास खड़े थे। ऑटो में दीक्षा यादव, साक्षी यादव और पूजा बर्मन अपने बच्चों निहाल व चित्रांश के साथ सवार होकर डिहुँटा जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान सिहोरा की ओर से आ रहे गिट्टी से भरे तेज रफ्तार हाईवा (MP 66 H 1553) ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। घायलों को तत्काल बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, बहोरीबंद निवासी साक्षी यादव (17 वर्ष) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि साक्षी अपने मामा के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के घर में मातम फैला दिया।
आरोपी चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बहोरीबंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवा चालक रामविश्वास यादव (निवासी रीवा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
ऐसी ही खबरों के लिए जुड़े रहें ‘सत्य संवाद समाचार’ के साथ।

